अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण।
मझौलिया प्रखंड क्षेत्र के धोकराहा पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर 14 भलुही गांव स्थित राम जानकी मंदिर परिसर में विश्व शांति एवं जनकल्याण की कामना को लेकर ग्रामीणों के सहयोग से भव्य अष्टयाम का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में गांव सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं की काफी भीड़ उमड़ी और पूरे गांव का माहौल भक्ति व श्रद्धा से सराबोर हो गया।
अष्टयाम के आयोजन को लेकर गांव में विशेष तैयारियां की गई थीं। पूजा स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था तथा भक्तों द्वारा हरिनाम संकीर्तन और भजन-कीर्तन के माध्यम से भगवान की आराधना की गई। श्रद्धालु लगातार पूजा-अर्चना कर क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि की कामना कर रहे थे।

इस संबंध में पंडित आचार्य सुमन तिवारी ने बताया कि विश्व शांति, समाज में सद्भाव और जनकल्याण के उद्देश्य से ग्रामीणों के सहयोग से अष्टयाम का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन से समाज में भाईचारा और एकता की भावना मजबूत होती है तथा लोगों में आध्यात्मिक चेतना का संचार होता है।
मौके पर उपस्थित मठाधीश बाबा नंद लाल दास ने बताया कि अष्टयाम के निमित्त पूर्व में 2 मार्च को जल कलश यात्रा निकाली गई थी। इस कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाएं एवं पुरुष शामिल हुए थे और पूरे गांव में भक्ति गीतों के साथ कलश यात्रा निकाली गई थी। उन्होंने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन से गांव का वातावरण पवित्र और सकारात्मक होता है।

इस अवसर पर मुख्य यजमान अनिल कुशवाहा तथा उनकी पत्नी कुमारी वंदना सिंहा ने बताया कि इससे पहले भी यहां ग्रामीणों के सहयोग से भव्य महायज्ञ का आयोजन किया गया था, जिसमें क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया था। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की आस्था और सहयोग से इस बार भी अष्टयाम का आयोजन सफलतापूर्वक कराया जा रहा है।अष्टयाम के दौरान गांव में लगातार भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठान जारी है,। जिसमें श्रद्धालु बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। आयोजन को सफल बनाने में ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका देखी जा रही है। इस अवसर पर गांव के कई गणमान्य लोग और श्रद्धालु उपस्थित रहे।मौके पर अशोक साह , कृष्णा भगत, शोभी भगत, विजय कुशवाहा, रंजीत कुमार कुशवाहा, संतोष कुमार, सुरेंद्र कुमार , रामजी प्रसाद, कोशिला शर्मा, धनपत भगत, राजेश्वर भगत सहित अन्य उपस्थित थे ।






