बिहार के मांझागढ़ से सुधीश श्रीवास्तव की रिपोर्ट
मांझागढ़ (गोपालगंज), गुरुवार। मांझागढ़ थाना क्षेत्र के कोइनी बाबू टोला गांव में गुरुवार की सुबह दो पक्षों के बीच हुए विवाद में जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में जगन बैठा, संतोष बैठा, सुधा देवी, तीजा देवी, खुशी कुमारी और माला देवी समेत करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए।घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है। मारपीट के दौरान गोली चलने की भी चर्चा है। इस संबंध में मांझागढ़ थाना प्रभारी निरंजन कुमार ने बताया कि गोली चलने की सूचना मिली है, जिसकी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि गोली चलाई गई थी या नहीं।

पुलिस अधीक्षक बिनय तिवारी के कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 5 मार्च 2026 की सुबह करीब 9:30 बजे कोइनी बाबू टोला गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट और गोली चलने की सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ-2 और मांझागढ़ थाना प्रभारी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए।पुलिस ने पीड़ितों से आवेदन लेकर एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना में शामिल आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। वहीं, गोली चलने की घटना की सत्यता की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी साक्ष्य एकत्र करने के लिए लगाया गया है।






