विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिमी चंपारण, बिहार
बिहार सीएम नीतीश कुमार के 75वें जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में प्रखंड बगहा एक की चखनी राजवटिया पंचायत भवन स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। केंद्र की आंगनवाड़ी सेविका सलोनी मनोज के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में जीविका दीदियों द्वारा तैयार की गई स्कूल ड्रेस का वितरण किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार सरकार के ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री श्रवण कुमार ने लगभग 800 आंगनवाड़ी बच्चों के बीच पोशाक का वितरण किया। मंत्री के आगमन पर आंगनवाड़ी सेविका द्वारा संगीत के साथ आरती उतारकर उनका पारंपरिक स्वागत किया गया।

इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि पूरे बिहार में आंगनवाड़ी में पढ़ने वाले नन्हे-मुन्ने बच्चों को पोशाक उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने जीविका दीदियों की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा महिलाओं को दिए गए 10-10 हजार रुपये की सहायता राशि से जो महिलाएं स्वरोजगार शुरू करेंगी, उन्हें आगे बढ़ाने के लिए 2 लाख रुपये तक की अतिरिक्त सहायता भी दी जाएगी।

कार्यक्रम में बगहा के भाजपा विधायक राम सिंह बाल विकास परियोजना पदाधिकारी प्रशांत झा, अनुमंडल पदाधिकारी चांदनी कुमारी, एसडीपीओ कुमार देवेंद्र, अंचलाधिकारी नर्मदा श्रीवास्तव, प्रखण्ड विकाश पदाधिकारी बगहा एक प्रदीप कुमार,आईसीडीएस के बड़ा बाबू संजीत कुमार, सुपरवाइजर रत्न प्रिया, जीविका प्रमुख आर.के. मिश्रा, बीपीएम विनोद कुमार, पंचायत के मुखिया रवि रंजन उर्फ लालबाबू यादव, स्वच्छता पर्यवेक्षक गुड्डू रंजन सहित आंगनवाड़ी सेविका- सहायिका, जीविका दीदियां और बड़ी संख्या में ग्रामीण व बच्चों के अभिभावक के साथ नगर थाना के पुलिस बल कर्मी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायी रहा, जहां बच्चों के चेहरे पर नई पोशाक पाकर खुशी साफ झलक रही थी। यह पहल महिला सशक्तिकरण और बाल विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।







