विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। होली के आगमन से पहले पारस नगर स्थित Hello Kids Pre School में होली मिलन समारोह का उल्लासपूर्ण आयोजन किया गया। पूरे विद्यालय परिसर में रंग, उमंग और उत्साह का मनमोहक दृश्य देखने को मिला। कार्यक्रम की अगुवाई प्रिंसिपल सौम्या सिंह ने की। इस अवसर पर शिक्षिका सलोनी कुमारी, शिवांगी कुमारी, रितिका कुमारी सहित सभी शिक्षकों ने बच्चों के साथ मिलकर होली के सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला।

उन्होंने बच्चों को प्रेम, भाईचारा और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने का संदेश दिया।नन्हे विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगे परिधानों में आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। छात्र शौर्य पांडेय, वेदिका कुमारी सहित अन्य बच्चों ने गीत, नृत्य और कविताओं के माध्यम से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। बच्चों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं, जिससे पूरा माहौल खुशनुमा हो गया। अंत में सभी बच्चों के बीच मिठाइयां वितरित की गईं और सुरक्षित एवं पर्यावरण अनुकूल होली मनाने की अपील की गई। समारोह ने न केवल बच्चों के चेहरे पर मुस्कान बिखेरी, बल्कि विद्यालय परिवार में आपसी स्नेह और एकता को भी मजबूत किया।






