विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा विधायक राम सिंह ने बिहार विधानसभा के शून्यकाल के दौरान पथ निर्माण विभाग से इस संबंध में सरकार की स्पष्ट मंशा बताने की मांग की। उन्होंने कहा कि बगहा विधानसभा क्षेत्र पुलिस जिला एवं अनुमंडल मुख्यालय है, जबकि इसके चार प्रखंड गंडक नदी के उस पार स्थित हैं।विधायक ने सदन में कहा कि गंडक पार का इलाका गन्ना उत्पादन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण कृषि क्षेत्र है। यहां के किसान अपनी उपज को बाजार तक पहुंचाने में भारी कठिनाइयों का सामना करते हैं।

पुल नहीं होने के कारण छात्रों, मरीजों, व्यापारियों और आम नागरिकों को भी आवागमन में दिक्कत होती है। विशेषकर बरसात के दिनों में हालात और भी भयावह हो जाते हैं, जब नदी का जलस्तर बढ़ने से संपर्क लगभग टूट जाता है। उन्होंने मांग की कि शास्त्रीनगर से बेलवनिया तक हाई लेवल पुल का निर्माण कराया जाए, ताकि सालों भर सुरक्षित और सुगम आवागमन सुनिश्चित हो सके तथा क्षेत्रीय विकास को नई गति मिले। इस मुद्दे पर पथ निर्माण मंत्री से सरकार की ओर से जवाब मांगा गया है। अब क्षेत्र की जनता और जनप्रतिनिधियों की निगाहें सरकार के निर्णय पर टिकी हैं कि इस बहुप्रतीक्षित मांग पर क्या ठोस कदम उठाया जाता है।






