विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
पटना में शुक्रवार को आयोजित बिहार विधानसभा सत्र के दौरान बगहा के भाजपा विधायक ने सदन के पटल पर बगहा को राजस्व जिला घोषित करने की मांग को मजबूती से उठाया। उन्होंने सरकार से इस विषय पर स्पष्ट जवाब देने की मांग करते हुए कहा कि बगहा की जनता वर्षों से इस न्यायोचित मांग को लेकर आवाज बुलंद करती आ रही है।विधायक राम सिंह ने कहा कि बगहा को राजस्व जिला का दर्जा मिलने से क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को नई दिशा और गति मिलेगी। प्रशासनिक व्यवस्था सुदृढ़ होगी तथा आम लोगों को राजस्व एवं अन्य सरकारी कार्यों के लिए दूर-दराज स्थित कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। वर्तमान व्यवस्था में स्थानीय नागरिकों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी जिला मुख्यालय तक जाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती है।

उन्होंने यह भी बताया कि भौगोलिक विस्तार, जनसंख्या तथा प्रशासनिक आवश्यकता के दृष्टिकोण से बगहा राजस्व जिला बनने की सभी शर्तों को पूरा करता है। ऐसे में सरकार को जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इस पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए। राम सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बगहा को राजस्व जिला का दर्जा दिलाना उनकी प्राथमिकता और प्रतिबद्धता है। इसके लिए वे सदन से लेकर सड़क तक संघर्ष करते रहेंगे, ताकि क्षेत्र की जनता को प्रशासनिक सुविधा और विकास का लाभ मिल सके।






