शादमान शकील हैदर बगहा / विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। समाज को नशा मुक्त एवं सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। रामानंद कौशल, पुलिस अधीक्षक, बगहा के नेतृत्व में पुलिस केन्द्र बगहा से मलकौली चौक तक नशा मुक्ति जागरूकता फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा हरी झंडी दिखाकर फ्लैग मार्च को रवाना किया गया। मार्च के दौरान पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों ने आमजन, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया और उन्हें नशे से दूर रहने की अपील की।

इस दौरान लोगों को बताया गया कि नशा सामाजिक, आर्थिक एवं पारिवारिक विघटन का मुख्य कारण बनता जा रहा है, जिसे रोकने के लिए समाज और प्रशासन के संयुक्त प्रयास आवश्यक हैं।पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल अपने स्थानीय थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष को दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) एवं पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान उपस्थित रहे। पुलिस प्रशासन ने कहा कि नशा मुक्ति अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि समाज को सुरक्षित एवं नशा मुक्त बनाया जा सके।






