वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
आगामी होली और रमजान पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर वाल्मीकिनगर थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वाल्मीकिनगर थानाध्यक्ष मुकेश चंद्र कुमर ने की। इस अवसर पर विभिन्न समुदायों के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष मुकेश चंद्र कुमर ने कहा कि त्योहारों का उद्देश्य प्रेम, भाईचारा और सामाजिक समरसता को मजबूत करना है।

होली और रमजान जैसे पर्व आपसी सद्भाव के प्रतीक हैं, इसलिए इन्हें शांतिपूर्ण तरीके से मनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भड़काऊ या भ्रामक पोस्ट साझा करने से बचें, क्योंकि छोटी-सी अफवाह भी माहौल को बिगाड़ सकती है। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और त्योहारों के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा गश्ती दल लगातार निगरानी करेंगे। असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






