विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। बिहार पुलिस सप्ताह दिवस–2026 के अवसर पर रविवार को पुलिस केंद्र बगहा में पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान में पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए परिसर की साफ-सफाई में सक्रिय योगदान दिया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिस केंद्र परिसर, कार्यालय कक्ष, बैरक तथा आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण करते हुए स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष बल दिया। उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण, कार्यस्थल की नियमित सफाई तथा अनुशासित एवं स्वच्छ कार्य वातावरण बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता न केवल कार्यस्थल की गरिमा को बढ़ाती है, बल्कि इससे कार्यक्षमता में वृद्धि होती है और कर्मियों में सकारात्मक सोच का विकास होता है। उन्होंने सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि वे नियमित रूप से अपने कार्यस्थल और परिसर को स्वच्छ रखें तथा आमजन के बीच भी स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाएं। इस अवसर पर पुलिस केंद्र के सभी शाखाओं में साफ-सफाई अभियान चलाया गया, जिससे पूरे परिसर में स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित वातावरण देखने को मिला। पुलिस सप्ताह के तहत आयोजित इस अभियान को अनुशासन, जिम्मेदारी और जनसेवा के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण उदाहरण माना जा रहा है।






