तीन बकरियों समेत नगद रुपया, गहना कपड़ा, अनाज सभी सामग्री राख में तब्दील।
विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा प्रखंड एक अंतर्गत कोटवा गांव के वार्ड संख्या एक में शुक्रवार की देर शाम बिजली के शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई, जिसमें एक फूस का घर पूरी तरह जलकर राख हो गया। इस आगलगी की घटना में गृहस्वामी रमाकांत चौधरी का घर और उसमें रखा सारा सामान नष्ट हो गया। पीड़ित रमाकांत चौधरी मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। आग लगने से घर में रखा कपड़ा, चावल, दैनिक उपयोग की सामग्री सहित अन्य जरूरी सामान जलकर खाक हो गया।

इसके अलावा घर में रखी तीन बकरियां भी आग की चपेट में आ गईं, जिससे पीड़ित परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि घर से सामान निकालने का मौका नहीं मिल सका। ग्रामीणों के सहयोग से आग पर किसी तरह काबू पाया गया, लेकिन तब तक सब कुछ जल चुका था। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मुआवजा एवं राहत सहायता की मांग की है।






