मांझागढ़ बिहार से सुधीश श्रीवास्तव की रिपोर्ट
माँझागढ़ (गोपालगंज)। शराबबंदी कानून को सख्ती से लागू कराने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत माँझागढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 35 लीटर अवैध शराब बरामद की है। हालांकि पुलिस की छापेमारी की भनक लगते ही शराब धंधेबाज मौके से फरार हो गए।आरक्षी अधीक्षक बिनय तिवारी के नेतृत्व में जिलेभर में शराब के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर माँझागढ़ थाना क्षेत्र के विश्वंभरपुर और झझवा गांव में थाना अध्यक्ष निरंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की।पुलिस ने झझवा गांव में कुंदन साह के घर के पीछे छापेमारी कर 7 लीटर “बंटी बबली” अंग्रेजी शराब बरामद की। लेकिन छापेमारी के दौरान आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।

वहीं विश्वंभरपुर गांव में चंदन पासी, राजकुमार पासी और योगेंद्र पासी के ठिकानों पर छापेमारी कर 28 लीटर देशी चुलाई शराब बरामद की गई। इस दौरान सभी आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे। माँझागढ़ पुलिस ने सभी फरार धंधेबाजों के खिलाफ बिहार उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। समाचार संकलन तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं मिली थी। पुलिस का कहना है कि शराब के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।






