विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा, नरेंद्र मोदी द्वारा एनडीए सांसदों को दिए गए निर्देश के आलोक में शुक्रवार को बगहा-2 आईबी में सुनील कुमार के द्वारा बिहार बजट 2026–27 को लेकर प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सांसद ने बिहार सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट की सराहना करते हुए इसे राज्य के समग्र विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
प्रेस को संबोधित करते हुए सांसद सुनील कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार बजट 2026–27 में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं बुनियादी ढांचे के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। साथ ही महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं, जिससे महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा। सांसद ने कहा कि यह बजट समाज के हर वर्ग के उत्थान में सहायक सिद्ध होगा और प्रदेश को विकास की नई दिशा देगा। उन्होंने इस बजट को विकासोन्मुखी एवं जनहितकारी बताया।

वहीं बगहा के चर्चित शास्त्रीनगर–बेलवनिया पुल सह सड़क निर्माण को लेकर सांसद ने कहा कि इस संबंध में उन्होंने बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत से मुलाकात कर परियोजना की आवश्यकता से अवगत कराया है। उन्होंने कहा कि इस पुल के निर्माण से बगहा क्षेत्र सहित उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों का भी चौमुखी विकास होगा तथा आवागमन और व्यापार को नई गति मिलेगी।
इस मौके पर जनता दल (यूनाइटेड) के जिलाध्यक्ष सह पूर्व विधायक प्रभात रंजन सिंह, हरसिद्धि विधानसभा प्रभारी सह प्रवक्ता राकेश सिंह, पशुपतिनाथ गुप्ता, विजय पांडेय, जदयू नेता मुन्ना सिंह, राजेश बैठा, लोक जनशक्ति पार्टी के जिलाध्यक्ष परितोष राय, जितेंद्र कुशवाहा, महेंद्र गोंड सहित कई कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे थे।






