बिहार के सिवान से पंकज सिंह की रिपोर्ट
सिवान पुलिस के अनुसार दिनांक 18 फरवरी 2026 को सुबह करीब 09:00 बजे हुसैनगंज थाना क्षेत्र स्थित एम.एस. हाई स्कूल, हुसैनगंज बाजार में मैट्रिक परीक्षा देने आए एक छात्र के कथित अपहरण की अफवाह फैल गई। अफवाह फैलते ही परीक्षा केंद्र पर मौजूद कुछ छात्र उग्र हो गए और स्कूल परिसर में तोड़-फोड़ करने लगे। इस दौरान आने-जाने वाले लोगों को भी नुकसान पहुंचाया गया तथा कई वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-01 एवं थानाध्यक्ष हुसैनगंज पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने उग्र छात्रों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद हालात पर नियंत्रण पाया गया। मामले की जांच के दौरान कथित रूप से अपहृत छात्र को जी.बी. नगर स्थित उसके घर से सकुशल बरामद कर लिया गया। इससे स्पष्ट हो गया कि अपहरण की सूचना महज अफवाह थी।
पुलिस ने हंगामा और तोड़-फोड़ में शामिल छात्रों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल क्षेत्र में विधि-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी अपुष्ट या भ्रामक सूचना को सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से साझा न करें। अफवाह फैलाने या कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






