विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
पश्चिम चंपारण जिले के बगहा अनुमंडल अंतर्गत रामनगर में सोमवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार सरयू सिंह चौक के समीप गन्ना लदा ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रॉली के पहिए का रिंग (छल्ला) अचानक फट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रॉली असंतुलित होकर एक तरफ गिर पड़ी। ट्रॉली पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सड़क किनारे खड़ी दो मोटरसाइकिल और दो साइकिल ट्रॉली के नीचे दब गईं।

आसपास मौजूद लोगों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया। हालांकि गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई व्यक्ति ट्रॉली की चपेट में नहीं आया, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और राहत कार्य में जुट गए। काफी मशक्कत के बाद ट्रॉली को सीधा किया गया और नीचे दबे वाहनों को बाहर निकाला गया। इस दौरान कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात बाधित रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई।सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने यातायात को सामान्य कराने में सहयोग किया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ओवरलोडिंग और जर्जर वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।






