विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बेतिया साइबर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 28 एटीएम कार्ड, 08 मोबाइल फोन, 10 सिम कार्ड, 05 बैंक पासबुक एवं 04 चेकबुक बरामद किए गए हैं।
दिनांक 14/02/2026 को साइबर थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि नौतन थाना क्षेत्र के मंगलपुर गुदरिया वार्ड संख्या-05 निवासी संदीप कुमार गुप्ता द्वारा भारी मात्रा में म्यूल (Mule) बैंक अकाउंट खरीदकर उनमें साइबर ठगी की रकम मंगाई जाती है। आरोपी ठगी की राशि में से 7 से 8 प्रतिशत कमीशन रखकर शेष रकम अपने सहयोगी साइबर अपराधियों के खातों में ट्रांसफर कर देता था। संबंधित खातों पर साइबर अपराध की कई शिकायतें दर्ज होने तथा लाखों रुपये के लेन-देन की जानकारी सामने आई थी।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में वरीय पुलिस उपाधीक्षक (साइबर क्राइम) के नेतृत्व में गठित टीम ने नौतन थाना के सहयोग से मंगलपुर बाजार स्थित ‘गुप्ता वस्त्रालय’ में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान दुकान के काउंटर से 08 मोबाइल, 28 एटीएम कार्ड, 05 पासबुक, 04 चेकबुक और 10 सिम कार्ड बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह 4-5 हजार रुपये में म्यूल अकाउंट और सिम खरीदता था तथा एटीएम कैश डिपॉजिट मशीन के जरिए ठगी की रकम विभिन्न खातों में जमा करता था। इस संबंध में साइबर थाना कांड संख्या 08/26, दिनांक 14-02-2026 दर्ज कर आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।






