बिहार के सिवान से पंकज सिंह की रिपोर्ट
सिवान जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल परिसर के समीप शुक्रवार को 112 पुलिस वाहन में तैनात कर्मियों और अस्पताल के सिक्योरिटी गार्ड के बीच नियमों के पालन को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच झड़प की स्थिति उत्पन्न हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सदर अस्पताल के प्रवेश द्वार पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने अस्पताल परिसर में वाहन खड़ा करने तथा प्रवेश संबंधी निर्धारित नियमों का पालन करने का अनुरोध 112 पुलिस वाहन के कर्मचारियों से किया। बताया जाता है कि गार्ड ने कहा कि अस्पताल प्रशासन के निर्देशानुसार बिना अनुमति वाहन को अंदर खड़ा नहीं किया जा सकता।

इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई। आरोप है कि बहस के दौरान दोनों ओर से तीखी नोकझोंक हुई, जिससे कुछ देर के लिए अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया। घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है। फिलहाल किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। अस्पताल प्रशासन एवं पुलिस विभाग की ओर से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।






