करीब 100 से अधिक मरीजों का इलाज कर दी गई दवाएं
विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा पुलिस जिला के नदी पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त प्रयास से शनिवार को नदी थाना परिसर में एक दिवसीय नि:शुल्क मेगा मेडिकल कैंप का सफल आयोजन किया गया। बगहा पुलिस अंचल के पुलिस निरीक्षक संजय पाठक ने शिविर में पहुंच कर शिविर का शुभारंभ किया। वही अंत में शिविर के मुख्य अतिथि एवं इस शिविर के आयोजक नदी थानाध्यक्ष दीपक कुमार प्रसाद ने शिविर में उपस्थित सभी चिकित्सकों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। वही डाक्टर प्रेम कुमार , सहित सभी चिकित्सकों ने भी पुलिस निरीक्षक एवं थानाध्यक्ष को प्रतीक चिन्ह देकर इस सफल आयोजन के लिए बधाई दिया। इससे पहले बेतिया जीएमसीएच के सौजन्य से आयोजित इस शिविर में नदी थाना क्षेत्र के दियारा क्षेत्रों से पहुंचे लगभग 100 से अधिक मरीजों की जांच कर उन्हें नि:शुल्क दवा एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। दूर-दराज के इलाकों से आए लोगों के लिए यह शिविर किसी वरदान से कम नहीं रहा। शिविर के आयोजक नदी थानाध्यक्ष दीपक कुमार प्रसाद ने कहा कि पुलिस का दायित्व केवल
कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में भी भागीदारी निभाना है। इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर से आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और सहयोग की भावना मजबूत होती है। शिविर में उपस्थित डॉ. प्रेम कुमार ने बताया कि सुंदर एवं अपेक्षाकृत पिछड़े इलाकों में स्वास्थ्य सुविधाएं सीमित होने के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में इस तरह का आयोजन लोगों को बड़ी राहत देता है।उन्होंने बताया कि शिविर में सामान्य रोग, त्वचा रोग,बुखार, सर्दी-खांसी, ब्लड प्रेशर, शुगर सहित अन्य बीमारियों की जांच की गई और आवश्यक दवाएं वितरित की गईं।कैंप में डॉ. एआर सिंह डॉ. कृति शुक्ला, डॉ. लोकेश कुमार सहित जीएमसीएच बेतिया की मेडिकल टीम के अभय गिरी, आदित्य सिंह, सुमित कुमार एवं श्याम भालोटिया ने सक्रिय भूमिका निभाई। सभी चिकित्सकों ने मरीजों की बारीकी से जांच कर उन्हें उचित परामर्श दिया। कई मरीजों को आगे की जांच एवं इलाज के लिए अस्पताल आने की सलाह भी दी गई।
मुख्य अतिथि बगहा अंचल के पुलिस निरीक्षक संजय पाठक ने स्वास्थ्य शिविर की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस और स्वास्थ्य विभाग का यह समन्वय समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश है।इस अवसर पर नदी थाना के एसआई राजकुमार सिंह, राज कुमार प्रसाद, जेपी यादव, मनोहर पासवान, थाना मैनेजर रूपेश कुमार, सीसीटी एनएस पप्पू कुमार, चौकीदार राजेश यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी भी उपस्थित रहे।






