वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
वाल्मीकि नगर रेंज अंतर्गत संतपुर गांव में नवगठित ईको विकास समिति (ईडीसी) के अध्यक्ष एवं सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का नेतृत्व वनपाल आशीष कुमार एवं सूरज कुमार ने किया। इस अवसर पर नवगठित ईडीसी अध्यक्ष संतोष काजी, केदार काजी, शंभू काजी, गुमास्ता, वंशराज महतो सहित वनरक्षी सुनील कुमार और सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य जंगलों में संभावित आग की घटनाओं की रोकथाम एवं उससे निपटने के उपायों पर विस्तृत चर्चा करना था।

वाल्मीकिनगर रेंजर सत्यम कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि 15 फरवरी से वन विभाग का फायर सीजन प्रारंभ हो चुका है। इस दौरान जंगलों में सूखी पत्तियों और तेज हवाओं के कारण आग लगने की आशंका बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि वन संपदा और वन्य जीवों की सुरक्षा के लिए ग्रामीणों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करना अत्यंत आवश्यक है। विभाग के वरीय अधिकारियों के निर्देशानुसार ईडीसी अध्यक्ष संतोष काजी की अध्यक्षता में समिति के सदस्यों के साथ आग से बचाव के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि जंगल के आसपास खेतों की सफाई के दौरान आग का प्रयोग न करें। यदि कहीं आग की छोटी सी भी घटना दिखाई दे तो तुरंत वन विभाग को सूचना दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्रामीणों के सहयोग के बिना जंगल को सुरक्षित रखना संभव नहीं है।






