विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बिहार का काशी से मशहूर अरेराज में शिवभक्ति का अद्भुत नजारा उस समय देखने को मिला, जब गाजे-बाजे और पारंपरिक रूप से धूमधाम के साथ शनिवार को भव्य शिव बारात निकाली गई। बारात में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते बन रहा था। हजारों हजार की संख्या में श्रद्धालु भक्त डीजे की धुन पर नाचते गाते और महादेव का जयकारा लगाते हुए शिव बारात में शामिल हुए।सड़कों पर हर-हर महादेव के उदघोष के बीच पूरा वातावरण शिवमय हो गया था। मंदिर परिसर से बारात निकलकर अरेराज मुख्य चौक होते हुए हरदिया चौक से योगियार होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची। पूरे क्षेत्र में जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर बारात का स्वागत किया, जिससे पूरा नगर भक्तिमय रंग में रंग गया।

शिव बारात को लेकर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ श्रीसोमेश्वरनाथ महादेव मंदिर में जुटने लगी थी। बारात से पूर्व मंदिर परिसर की विधिवत साफ-सफाई की गई। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया गया। मंदिर में उपस्थित महिलाओं ने श्रद्धा भाव से भगवान को हल्दी लगाया। पूरे मंदिर परिसर में भक्ति गीतों और मंत्रों की गूंज सुनाई देती रही।
दोपहर बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का जत्था बारात के लिए एकत्रित हुआ। पारंपरिक वेशभूषा में सजे श्रद्धालुओं के साथ शिव बारात पूरे विधि-विधान से निकाली गई। बारात में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। ढोल-ताशों और बैंड-बाजे की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। शिव पार्वती बने नन्हे नन्हे बच्चों ने सभी का मन मोह लिया।

बारात में भूत-प्रेत और पिशाच का भेष धारण किए कलाकार विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। शिवगणों की झांकी प्रस्तुत कर कलाकारों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों और युवाओं में इन झांकियों को लेकर खासा उत्साह देखा गया।
शिव बारात में उमड़ी भक्तों की भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी ताकि बारात शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। वहीं विधि व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से एसडीएम अंजली शर्मा, अंचलाधिकारी उदय प्रताप सिंह, बीडीओ आदित्य नारायण दीक्षित, एसडीपीओ रवि कुमार सहित थानाध्यक्ष और कई अन्य अधिकारी, पदाधिकारी स्वयं बारात के साथ मौजूद रहे।

शिव बारात का यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत करता है, बल्कि नगरवासियों के बीच आपसी भाईचारे और उत्साह का भी संदेश देता है। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालु शिवभक्ति में लीन नजर आए और पूरा शहर देर शाम तक भक्तिमय बना रहा।





