विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
दिनांक 14/02/2026 को प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए उल्लेखनीय सफलता हासिल की। सूचना मिली थी कि नेपाल से धुतहा नदी के रास्ते कुछ तस्कर गांजा लेकर भारतीय क्षेत्र में प्रवेश करने वाले हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष कांगली के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया और संभावित मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी गई।

गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चिन्हित स्थान पर घेराबंदी की। तलाशी अभियान के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया, जिसके पास से कुल 54.290 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया। बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने गांजा नेपाल से लाकर भारतीय बाजार में खपाने की योजना होने की बात स्वीकार की है। हालांकि पुलिस पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

इस संबंध में कांगली थाना कांड संख्या-15/26 दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। बरामद गांजा को जब्त कर सुरक्षित रखा गया है और आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत प्रस्तुत किए जाने की तैयारी की जा रही है।
सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।






