बाल्मीकि नगर से नन्दलाल पटेल की रिपोर्ट
वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के धनहा गांव स्थित महात्मा गांधी सेवा आश्रम (संस्था) परिसर से जलमीनार निर्माण के लिए लगाया गया आयरन स्ट्रक्चर अज्ञात चोरों द्वारा चोरी किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। घटना को लेकर संस्था से जुड़े धनंजय कुमार द्विवेदी ने वाल्मीकिनगर थाना में लिखित आवेदन देकर जांच व आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। धनंजय कुमार द्विवेदी, ग्राम जमुई, पो० जमुई, जिला पटना के स्थायी निवासी हैं और वर्तमान में वाल्मीकिनगर थाना अंतर्गत थाड़ी गांव में संस्था के कार्यों से जुड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि हवाई अड्डा के समीप संस्था द्वारा ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जलमीनार निर्माण की योजना चलाई जा रही थी। इसी क्रम में जलमीनार के लिए आयरन स्ट्रक्चर लगाया गया था।
बताया गया कि बीते दिनों जब संस्था के सदस्य निर्माण कार्य की प्रगति का निरीक्षण करने पहुंचे तो पाया कि जलमीनार के लिए लगाया गया पूरा आयरन स्ट्रक्चर मौके से गायब है। आसपास जांच-पड़ताल करने पर स्पष्ट हुआ कि अज्ञात चोरों ने स्ट्रक्चर को खोलकर चोरी कर लिया है। धनंजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि घटना के संबंध में आसपास के लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन कोई ठोस जानकारी नहीं मिल सकी। उन्होंने आशंका जताई कि सुनसान क्षेत्र का लाभ उठाकर चोरों ने रात के अंधेरे में वारदात को अंजाम दिया होगा। मामले को लेकर वाल्मीकिनगर थाना में आवेदन दिया गया है। पुलिस द्वारा आवेदन प्राप्त कर जांच शुरू करने की बात कही जा रही है।






