बाल्मीकि नगर से नन्दलाल पटेल की रिपोर्ट
वाल्मीकिनगर में आयोजित मदार मेला के दौरान लक्ष्मीपुर चौक के समीप एक ट्रैक्टर और बोलेरो वाहन के बीच जोरदार टक्कर हो गई। घटना में ट्रैक्टर पर सवार एक व्यक्ति को हल्की चोटें आईं, जबकि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत रही कि समय रहते बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा जानमाल की भारी क्षति हो सकती थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुशीनगर जिला के कुबेर स्थान थाना अंतर्गत अमवा बुजुर्ग निवासी कैफ अंसारी (पिता – मसिहुल अंसारी) 12 फरवरी 2026 को अपने घर से मदार मेला में शामिल होने के उद्देश्य से ट्रैक्टर (पावर टेक) लेकर वाल्मीकिनगर आए थे। ट्रैक्टर का रजिस्ट्रेशन नंबर UP 57 BR 7513 बताया गया है।
बताया जाता है कि जब वे लक्ष्मीपुर चौक के पास पहुंचे, तभी सामने से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही बोलेरो (रजिस्ट्रेशन नंबर UP 57 M 3401) ने ट्रैक्टर-टॉली में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर की टॉली मोड़ पर अनियंत्रित हो गई। हालांकि चालक की सतर्कता और स्थानीय लोगों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
घटना के समय टॉली में बैठे व्यक्ति को हल्की-फुल्की चोटें आईं। ट्रैक्टर भी अनियंत्रित होकर क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि बोलेरो वाहन को भी नुकसान पहुंचा है।
आरोप है कि बोलेरो वाहन को रियाजुद्दीन अंसारी (पिता – खलील अंसारी) चला रहे थे। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन चालक को मौके पर पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। बाद में चालक को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।






