वाल्मीकिनगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
मदार मेले में आए श्रद्धालुओं के दो गुटों के बीच गुरुवार की दोपहर वाल्मीकिनगर के मेन रोड टंकी बाजार में जमकर मारपीट हो गई। जिसमें दोनों पक्षों के कई लोग आंशिक रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के रामकोला, पडरौना और कसेया से आए श्रद्धालु नेपाल के महलवारी स्थित मदार बाबा के मजार पर चादर चढ़ा कर लौट रहे थे। इसी दौरान बस में सीट पर बैठने को लेकर दो गुटों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। मामला हाथापाई तक पहुंच गया। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट होने लगी।
बढ़ते विवाद को देख स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने बीच-बचाव किया। इसी दौरान किसी ने डायल 112 पर सूचना दे दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू की। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पडरौना के कसया निवासी इरफान अंसारी, उनके साथ आई सास और दो सालियों को एहतियातन बस से उतार दिया गया। आशंका जताई जा रही थी कि रास्ते में दूसरे पक्ष द्वारा उनके साथ दुर्व्यवहार किया जा सकता था। पुलिस और स्थानीय लोगों की सूझबूझ से चारों को सुरक्षित दूसरे बस से रवाना किया गया।






