Wednesday, February 11, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास गंडक पर बगहा–बेलवनिया पुल रद्द न करने के निर्देश, नारायणी-गंगा कॉरिडोर पर...

गंडक पर बगहा–बेलवनिया पुल रद्द न करने के निर्देश, नारायणी-गंगा कॉरिडोर पर भी जोर

0
8

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार


नई दिल्ली स्थित ट्रांसपोर्ट भवन में केंद्रीय सड़क, परिवहन व राजमार्ग राज्यमंत्री अजय टमटा से बाल्मीकिनगर सांसद सुनील कुमार ने मुलाकात कर वीटीआर के वैकल्पिक मार्ग के रूप में स्वीकृत बगहा–बेलवनिया पुल सह सड़क निर्माण को जारी रखने की जोरदार मांग उठाई। बैठक में संबंधित मंत्रालय और राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा हुई।


सांसद ने गंडक नदी पर प्रस्तावित इस पुल की धार्मिक, भौगोलिक और पर्यटन की दृष्टि से अहमियत को रेखांकित करते हुए बताया कि यह परियोजना भविष्य के ओपन भंसार स्टेशन बाल्मीकिनगर तथा 554 किलोमीटर लंबे इंडो-नेपाल बॉर्डर रोड से जुड़कर क्षेत्र के विकास को नई दिशा दे सकती है। उन्होंने संपूर्ण कागजात और नक्शों के साथ प्रस्तुति देते हुए संसद में पूछे गए उस प्रश्न का आधिकारिक जवाब भी राज्यमंत्री को दिखाया, जिसमें केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी द्वारा पुल निर्माण को मंजूरी दिए जाने की बात दर्ज है।


गहन विमर्श के बाद राज्यमंत्री अजय टमटा ने अपने आप्त सचिव निखिल सारस्वत और राष्ट्रीय राजमार्ग के बिहार प्रभारी संयुक्त सचिव अतुल कुमार को निर्देश दिया कि परियोजना को अंतिम रूप से रद्द न किया जाए तथा इस पर विचार-विमर्श जारी रखा जाए। बैठक में मौजूद जदयू नेता राकेश सिंह ने भी उत्तर प्रदेश और बिहार के बड़े भू-भाग को जोड़ने में इस पुल की उपयोगिता विस्तार से बताई।
सांसद सुनील कुमार ने कहा कि कुछ अधिकारी व्यक्तिगत राय बनाकर मंत्रालय को गुमराह कर रहे हैं। किसी भी नई सड़क या पुल का विरोध नहीं है, लेकिन स्वीकृत योजना को निरस्त करना जनता की भावनाओं के साथ अन्याय है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी स्वास्थ्य कारणों से दिल्ली से बाहर हैं, इसलिए उनसे मुलाकात नहीं हो सकी।


इसके अलावा सांसद ने बगहा से भोजपुर जिले के पातर तक प्रस्तावित 225 किलोमीटर लंबे नारायणी-गंगा हाईस्पीड कॉरिडोर की मंजूरी, बेतिया-बगहा फोरलेन की शीघ्र स्वीकृति और इंडो-नेपाल बॉर्डर रोड को एक्सप्रेस-वे के रूप में विकसित करने की मांग भी रखी। शास्त्रीनगर-बेलवनिया पुल निर्माण संघर्ष समिति के सदस्यों ने सांसद के प्रयासों की सराहना की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!