अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण
मंगलवार को जिला विकास उपयुक्त काजले वैभव नितिन ने रतनमाला पंचायत अंतर्गत पीतल उद्योग के लिए प्रसिद्ध कसेरवा टोला का भ्रमण किया। इसके साथ ही उन्होंने चल रहे एफआर अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने के उद्देश्य से महोदीपुर पंचायत भवन एवं किसान भवन में किसान इनफॉर्मर आईडी अभियान का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिला विकास उपयुक्त ने किसान भवन में उपस्थित जीविका समूह की दीदियों एवं कर्मियों से किसानों के ई-केवाईसी एवं किसान इनफॉर्मर आईडी पंजीकरण की प्रगति की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने अंचल अधिकारी को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि अभी भी बड़ी संख्या में किसान इस योजना से वंचित हैं। उन्होंने कर्तव्यनिष्ठा के साथ व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाकर एफआर कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।

जिला विकास उपयुक्त ने अभियान की वर्तमान स्थिति पर असंतोष व्यक्त करते हुए स्पष्ट रूप से कहा कि कार्यप्रणाली में शीघ्र सुधार लाया जाए, अन्यथा जिम्मेदार पदाधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं कसेरवा टोला में पीतल के बर्तन बनाने वाले श्रमिकों से मुलाकात कर उन्होंने उनका हौसला बढ़ाया और आश्वस्त किया कि विभाग उनके उद्योग के विकास हेतु सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन, अंचल डाटा ऑपरेटर हसमुल्लाह अंसारी, किसान सलाहकार आशीष कुमार, श्वेता कुमारी सहित जीविका दीदियां उपस्थित रहीं।






