Wednesday, February 11, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास वाल्मीकिनगर में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व योजना के तहत विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर...

वाल्मीकिनगर में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व योजना के तहत विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित

0
7

बाल्मीकि नगर से नन्दलाल पटेल की रिपोर्ट


वाल्मीकिनगर। प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व योजना के तहत सोमवार को अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र वाल्मीकिनगर (हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर) में विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को उनके घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व जांच सेवाएं उपलब्ध कराना तथा जच्चा-बच्चा की सुरक्षा सुनिश्चित करना था। शिविर में बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाओं ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित इस विशेष कैंप में चिकित्सकों की टीम ने गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच की। इस दौरान उच्च जोखिम वाली गर्भावस्था की पहचान कर महिलाओं को आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराया गया। चिकित्सकों ने बताया कि समय-समय पर प्रसव पूर्व जांच से मां और गर्भस्थ शिशु दोनों के स्वास्थ्य पर नजर रखी जा सकती है और संभावित जटिलताओं से पहले ही निपटना संभव होता है।
शिविर में मौजूद चिकित्सक डॉ. धीरज कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित एवं स्वस्थ मातृत्व प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव महिलाओं की मृत्यु का एक प्रमुख कारण है, लेकिन समय पर जांच से खून की कमी सहित अन्य समस्याओं का उपचार संभव हो पाता है। इसी क्रम में महिलाओं को आयरन की गोलियां दी गईं तथा पोषक आहार लेने की सलाह दी गई।


इस स्वास्थ्य शिविर में 35 से अधिक गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। जांच के दौरान ब्लड प्रेशर, शुगर, वजन, यूरिन, हीमोग्लोबिन सहित अन्य आवश्यक परीक्षण किए गए। जांच के उपरांत महिलाओं को नि:शुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। साथ ही संतुलित आहार लेने, हरी सब्जियां, फल, दूध एवं आयरन युक्त भोजन शामिल करने की सलाह दी गई।
डॉक्टरों ने गर्भवती महिलाओं को भारी वजन उठाने से बचने, अधिक मात्रा में पानी पीने, पर्याप्त आराम करने और नियमित रूप से स्वास्थ्य केंद्र पर जांच कराने की हिदायत दी। किसी भी असामान्य लक्षण की स्थिति में तुरंत चिकित्सक से संपर्क करने की सलाह भी दी गई।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व योजना के तहत प्रत्येक माह की 9 तारीख को स्वास्थ्य केंद्रों पर सुरक्षित मातृत्व शिविर का आयोजन किया जाता है। इस योजना से मातृ मृत्यु दर में कमी लाने के साथ-साथ नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य में सुधार लाने का लक्ष्य है।
स्थानीय महिलाओं ने इस शिविर की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से उन्हें समय पर जांच और सही परामर्श मिल पाता है। मौके पर एएनएम सुनीता कुमारी, रूबी कुमारी, जीएनएम आरती कुमारी, नंदकिशोर सैनी, विनय कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!