विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
पटना में बगहा–बेलवनिया गंडक पुल के निर्माण को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता माननीय सांसद श्री सुनील कुमार ने की। बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) प्राधिकरण के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे और पुल परियोजना से जुड़ी वर्तमान स्थिति, तकनीकी पहलुओं तथा भावी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान गंडक नदी पर प्रस्तावित पुल के निर्माण से जुड़ी तकनीकी चुनौतियों, भूमि उपलब्धता, ट्रैफिक कनेक्टिविटी और संरचनात्मक आवश्यकताओं पर गंभीर मंथन किया गया। अधिकारियों ने परियोजना की व्यवहारिक स्थिति से सांसद को अवगत कराया और अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी साझा की। इसके साथ ही पुल निर्माण से क्षेत्रीय विकास को मिलने वाले लाभों पर भी विस्तार से चर्चा हुई।

इस महत्वपूर्ण बैठक में राकेश सिंह भी मौजूद रहे, जिन्होंने स्थानीय स्तर पर आमजन की आवश्यकताओं और वर्षों से लंबित इस मांग को लेकर अपनी बात रखी। बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि बगहा–बेलवनिया गंडक पुल न केवल यातायात को सुगम बनाएगा, बल्कि व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों को भी मजबूती प्रदान करेगा।
बैठक में लिए गए निष्कर्षों के आधार पर बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग द्वारा शीघ्र ही मंतव्य रिपोर्ट भारत सरकार को भेजी जाएगी। रिपोर्ट भेजे जाने के बाद केंद्र स्तर पर आवश्यक स्वीकृतियों की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
गौरतलब है कि बगहा–बेलवनिया गंडक पुल लंबे समय से क्षेत्र की प्रमुख मांग रही है। इसके निर्माण से पश्चिम चंपारण के कई इलाकों को सीधा लाभ मिलेगा और लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत मिलेगी। क्षेत्रीय विकास और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह बैठक बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।






