विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बेतिया पुलिस ने कुमारबाग थाना क्षेत्र अंतर्गत लोहियारिया चौक के समीप स्थित उमा इंटरप्राइजेज नामक मोबाइल दुकान में हुई चोरी की घटना का सफल उद्भेदन किया है। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक, पश्चिम चंपारण बेतिया के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
विशेष टीम ने तकनीकी एवं मानवीय इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए इस कांड में संलिप्त अभियुक्त तूफानी अंसारी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त के पास से चोरी गए 04 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पूछताछ के क्रम में अभियुक्त ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। उसने यह भी बताया कि चोरी किए गए अन्य मोबाइल फोन नेपाल के कोलवी थाना क्षेत्र में अपने एक अपराधी साथी के पास रखे गए हैं। शेष मोबाइलों की बरामदगी एवं अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी को लेकर नेपाल पुलिस से समन्वय स्थापित कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।






