Tuesday, February 10, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास तरकुलवा मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के भव्य जलयात्रा में उमड़ा जनसैलाब

तरकुलवा मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के भव्य जलयात्रा में उमड़ा जनसैलाब

0
40

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार


बगहा / पश्चिम चंपारण। हनुमतधाम तरकुलवा में नवनिर्मित मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का शुभारंभ बुधवार को भव्य जलयात्रा के साथ हुआ। इस ऐतिहासिक अवसर पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु उमड़े और पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।


प्राण प्रतिष्ठा को लेकर निकाली गई जलयात्रा की शुरुआत मंदिर प्रांगण से हुई, जहां शुक्ल यजुर्वेद माध्यंदिन शाखा के प्रकांड विद्वान आचार्य डॉ. प्रवीण कुमार पाण्डेय के निर्देशन में पांचगव्य प्राशन, शुद्धिकरण एवं संकल्प संपन्न कराया गया। इसके पश्चात श्रद्धालु भगवा वस्त्र धारण कर गाजे-बाजे के साथ जलयात्रा में शामिल हुए।


जलयात्रा मंदिर प्रांगण से निकलकर धर्मकत्ता, जमादार टोला, बरवा, इंग्लिशिया, जैनी टोला, मोती टोला सहित दर्जनों गांवों का परिभ्रमण करते हुए तरकुलवा गंडक नहर पहुंची। नहर तट पर काशी से पधारे विद्वान आचार्यों द्वारा विधिवत वरुण पूजन कराया गया। इसके बाद यजमान राधेश्याम पाण्डेय सपत्नी कलश में जल लेकर यज्ञ मंडप पहुंचे, जहां वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन प्रारंभ हुआ।


इस भव्य जलयात्रा में 501 कन्याओं की सहभागिता आकर्षण का केंद्र रही। सीताराम हनुमत सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में चिरंजीवी हनुमान, भगवान शिव एवं मां दुर्गा की मूर्तियों की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी।
चार दिवसीय इस प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में प्रतिदिन सांध्य भजन-कीर्तन, प्रवचन, मनोरम झांकियां एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही श्रद्धालुओं के लिए दोनों समय उत्तम प्रसाद भोजन की व्यवस्था की गई है।


ट्रस्ट की अध्यक्षा नीति पाण्डेय स्वयं यज्ञ एवं समस्त व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही हैं। उन्होंने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य क्षेत्र में धार्मिक चेतना एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में काशी मनोन्मनि महापीठ के महंत भव शंकर चैतन्य जी महाराज, काशी विश्वनाथ मंदिर के प्रमुख अर्चक डॉ. नीरज कुमार पाण्डेय, अमरकांत उपाध्याय सहित अनेक गणमान्य संत-महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।


इस अवसर पर समिति के सचिव नागमणि दुबे, व्यवस्थापक राधेश्याम पाण्डेय, मीडिया प्रभारी मिथिलेश उपाध्याय, कोषाध्यक्ष पवन दुबे, कार्यक्रम संयोजक अरविंद दुबे, सह संयोजक अमर राम समेत हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!