विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा पुलिस जिला के चौतरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत दिनांक 31 जनवरी 2026 को रात्रि लगभग 10:30 बजे चौतरवा थाना को सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम अहिरौलिया में संदिग्ध विस्फोटक पदार्थ होने की संभावना है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल वरीय पदाधिकारी को अवगत कराया गया, जिसके उपरांत पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए सूचना स्थल पर पहुँचकर विधि-सम्मत ढंग से जाँच एवं छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान मौके से एक झोले में रखी निम्नलिखित संदिग्ध सामग्री बरामद की गई—
APEX POWER 90 लिखा हुआ विस्फोटक (Explosive Class-2) — 03 पीस
सिल्वर रंग का डेटोनेटर — 02 पीस
काला-लाल रंग का इलेक्ट्रिक मल्टीमीटर उपकरण — 01 पीस
बरामद सभी सामग्रियों को पुलिस द्वारा विधिवत जब्त कर लिया गया है। विस्फोटक पदार्थ होने की आशंका को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से इन्हें गाँव से बाहर स्थित मैदान में कड़ी निगरानी में सुरक्षित रखा गया।

साथ ही आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है एवं संदिग्ध व्यक्तियों पर सतत निगरानी रखी जा रही है।
प्रथम दृष्टया यह मामला अवैध रूप से विस्फोटक पदार्थ रखने तथा संभावित आपराधिक गतिविधियों से जुड़ा प्रतीत होता है। इस संबंध में चौतरवा थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा-288 एवं विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धारा-5/6 के अंतर्गत अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध कांड संख्या-45/26 दर्ज कर अग्रतर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक रामानंद कौशल, बगहा द्वारा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बगहा एवं थानाध्यक्ष चौतरवा को मामले की गहन जाँच, अज्ञात संलिप्त व्यक्तियों की शीघ्र पहचान तथा उनके विरुद्ध विधि-सम्मत कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं बम निरोधक दस्ता द्वारा बरामद विस्फोटक पदार्थ की तकनीकी जाँच कर उसे सुरक्षित एवं विधिवत रूप से नष्ट करने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।






