विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
पुलिस जिला बगहा अंतर्गत बथवरिया थाना क्षेत्र में नशीले पदार्थों के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थानाध्यक्ष अनुपम कुमार राय को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम चूड़ीहरवा पटखौली (बीरा महतो के टोला) में भारी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया है।
सूचना की तस्दीक के बाद मामले की जानकारी वरीय पदाधिकारियों को दी गई। इसके उपरांत पुलिस अधीक्षक बगहा रामानन्द कौशल के निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, रामनगर के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम में पुलिस अंचल निरीक्षक रामनगर, थानाध्यक्ष बथवरिया एवं पु०अ०नि० योगेन्द्र पासवान सहित अन्य पुलिस बल शामिल थे।

पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर विधिवत छापामारी की गई। तलाशी के दौरान प्लास्टिक के बोरे में रखे 18 पैकेट गांजा बरामद किए गए। जब्त किए गए गांजे का वजन करने पर कुल 203.54 किलोग्राम पाया गया।
इस संबंध में बथवरिया थाना कांड संख्या-09/26, दिनांक 29.01.2026, धारा 20 (B) (ii) (C) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस अधीक्षक बगहा द्वारा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, रामनगर एवं थानाध्यक्ष बथवरिया को अनुसंधान में तेजी लाने, संलिप्त व्यक्तियों की पहचान करने तथा शीघ्र गिरफ्तारी हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध आसूचना संकलन कर विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।






