विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
पुलिस अधीक्षक, पश्चिम चंपारण बेतिया द्वारा इनरवा थाना का विधिवत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना की कार्यप्रणाली एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई।पुलिस अधीक्षक महोदय ने थाना के मालखाना, सीसीटीएनएस शाखा, महिला हेल्प डेस्क, वायरलेस कक्ष, थाना परिसर एवं आवासीय बैरक का निरीक्षण कर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके उपरांत थाना में संधारित विभिन्न पंजीयों जैसे अपराध निर्देशिका पार्ट-1, पार्ट-2, पार्ट-3, डकैती पंजी, लूट पंजी, गुंडा पंजी सहित अन्य अभिलेखों में की गई प्रविष्टियों का अवलोकन किया गया। निरीक्षण के दौरान लंबे समय से लंबित हत्या, लूट एवं डकैती से संबंधित कांडों की विशेष समीक्षा की गई।

पुलिस अधीक्षक ने संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई, वारंट एवं कुर्की की प्राप्ति तथा अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित कर शीघ्र निष्पादन करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों के निष्पादन में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आम जनता को समयबद्ध न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नरकटियागंज, पुलिस अंचल निरीक्षक, मैनाटांड़ अंचल, थानाध्यक्ष इनरवा थाना सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।






