नशा मुक्त वाल्मीकि नगर का संकल्प, जागरूकता अभियान चलाने पर बनी सहमति।
वाल्मीकि नगर से नंदलाल पटेल की रिपोर्ट
अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन, वाल्मीकिनगर इकाई के तत्वावधान में जिला उप कार्यालय वाल्मीकि नगर में एक अहम बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता संगठन के जिला उपाध्यक्ष जहीर अंसारी ने की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में बढ़ते नशे की समस्या पर गंभीर चर्चा करना और इसके खिलाफ ठोस कदम उठाने को लेकर सामूहिक सहमति बनाना रहा।
बैठक में नशे के दुष्प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को बर्बाद करता है, बल्कि पूरे परिवार और समाज को भी प्रभावित करता है। खासकर युवाओं में नशे की बढ़ती लत को लेकर सभी ने गहरी चिंता व्यक्त की। वक्ताओं का मानना था कि यदि समय रहते जागरूकता नहीं फैलाई गई, तो इसका सामाजिक ताना-बाना कमजोर हो सकता है।

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि आने वाले दिनों में वाल्मीकिनगर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में नशा मुक्ति जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत गांव-गांव जाकर लोगों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में बताया जाएगा। साथ ही युवाओं और महिलाओं को विशेष रूप से जागरूक करने के लिए संगोष्ठी, जनसभा और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर स्थानीय पंचायत के मुखिया पन्नालाल साह ने कहा कि नशा समाज के लिए एक गंभीर चुनौती बन चुका है और इसे रोकने के लिए प्रशासन, सामाजिक संगठनों और आम जनता को मिलकर प्रयास करना होगा। सरपंच मैनुद्दीन अंसारी ने भी अभियान को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया और कहा कि पंचायत स्तर पर इस तरह की पहल बेहद जरूरी है।

बैठक में अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा संगठन के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। प्रमुख रूप से रवि गुप्ता उप मुखिया वाल्मीकि नगर,डॉ. गोपाल काजी, गुंजा देवी जिला अध्यक्ष, उर्मिला देवी, शांति देवी, प्रभु राम, जीत बहादुर कुशवाहा, अनीता देवी, राधिका देवी, अमृता देवी, सीमा देवी (सचिव) सहित अन्य सदस्यों ने अपने-अपने विचार रखे। सभी ने एक स्वर में नशा मुक्ति अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
शान्ति देवी एवं गुंजा देवी ने कहा कि मानवाधिकारों की रक्षा तभी संभव है जब समाज स्वस्थ और जागरूक होगा। नशा मुक्त समाज की दिशा में यह अभियान एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। वहीं जहीर अंसारी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन समाजहित में लगातार सक्रिय रहेगा और नशे के खिलाफ यह लड़ाई जनभागीदारी से ही जीती जा सकती है।
बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए एकजुट होकर काम करने का संकल्प लिया। उम्मीद जताई गई कि इस तरह के जागरूकता अभियानों से क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव आएगा और युवा पीढ़ी नशे से दूर रहकर बेहतर भविष्य की ओर अग्रसर होगी।






