विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
बगहा। पुलिस अधीक्षक बगहा रामानन्द कौशल ने बाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र का दौरा कर प्रेम भगत की संदिग्ध मौत के मामले में घटनास्थल का निरीक्षण किया। जानकारी के अनुसार गंडक नदी के किनारे एवं आसपास के क्षेत्र से प्रेम भगत के लापता होने की सूचना पूर्व में प्राप्त हुई थी, जिसके बाद बीते दिनों उनका शव बरामद किया गया था।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल की भौगोलिक स्थिति का बारीकी से जायजा लिया और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। मौके पर मौजूद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बगहा तथा बाल्मीकिनगर थानाध्यक्ष मुकेश चन्द्र को उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसपी ने अधिकारियों को मामले से जुड़े सभी साक्ष्यों को सूक्ष्मता से एकत्र करने, वैज्ञानिक अनुसंधान की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा घटना में संलिप्त दोषियों की शीघ्र पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किए जाने की संभावना जताई जा रही है।






