विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
65वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, बेतिया द्वारा कमांडेंट श्री नंदन सिंह मेहरा के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में ‘वंदे मातरम’ की 150वीं वर्षगाँठ के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं तिरंगा रैली का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत उपस्थित जनसमूह द्वारा वंदे मातरम के सामूहिक गायन से हुई, जिससे वातावरण देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत हो गया। इसके पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ सहकारी प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय, पटखौली की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य एवं नाटक से किया गया।

कार्यक्रम में वाहिनी के कार्मिकों एवं बिहार पुलिस के प्रशिक्षुओं द्वारा भी आकर्षक देशभक्ति प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्हें उपस्थित दर्शकों ने खूब सराहा। इस अवसर पर कमांडेंट श्री नंदन सिंह मेहरा द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

इसी क्रम में आयोजित तिरंगा रैली में वाहिनी के अधिकारी एवं अधीनस्थ अधिकारी, बल के जवान, बिहार पुलिस के प्रशिक्षु, मीडिया कर्मी, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएँ तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। तिरंगा रैली ने क्षेत्र में राष्ट्रभक्ति और एकता का सशक्त संदेश दिया।







