Wednesday, February 11, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास भैंस पहुंचाने निकले व्यक्ति के लापता होने पर अपहरण-हत्या की आशंका

भैंस पहुंचाने निकले व्यक्ति के लापता होने पर अपहरण-हत्या की आशंका

0
45

बाल्मीकि नगर से नन्दलाल पटेल की रिपोर्ट

वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र से सनसनीखेज मामला,
वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां भैंस पहुंचाने के लिए निकले एक व्यक्ति के रहस्यमय ढंग से लापता होने के बाद उसकी पत्नी ने अपहरण और हत्या की आशंका जताते हुए थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बन गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवका टोला निवासी बसंती देवी, पति प्रेम भगत ने वाल्मीकिनगर थाना में आवेदन देकर बिसहां छह आरडी निवासी बुधई मियां सहित तीन लोगों के खिलाफ अपने पति के अपहरण का आरोप लगाया है। आवेदन में बताया गया है कि बीते 19 जनवरी को बुधई मियां नेपाल के एक परिचित के पास भैंस पहुंचाने की बात कहकर प्रेम भगत को अपने साथ ले गया था।
आवेदन के मुताबिक, बुधई मियां ने नेपाल के पत्थरकला निवासी साधु यादव के माध्यम से भैंस की बिक्री करवाई थी। इस दौरान बुधई मियां के साथ उसका करीबी श्याम भी मौजूद था। भैंस को जंगल के रास्ते चुलभट्टा नदी तट तक पहुंचाया जाना था। भैंस के हिंसक होने के कारण अतिरिक्त मदद के लिए प्रेम भगत के अलावा नवका टोला निवासी छोटेलाल कुशवाहा, सोहन कुशवाहा और दिलीप धांगड़ को भी साथ चलने के लिए बुलाया गया था।


बसंती देवी ने बताया कि अगले दिन भैंस राधा कृष्णा मंदिर के पास बंधी हुई मिली। इसके बाद बुधई मियां नदी के रास्ते नेपाल चला गया, जबकि छोटेलाल, सोहन और दिलीप जंगल के रास्ते अपने घर लौट आए। लेकिन प्रेम भगत वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बावजूद जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों की चिंता और आशंका बढ़ गई।
पीड़िता ने आवेदन में आशंका जताई है कि साजिश के तहत बुधई मियां, साधु यादव और श्याम ने मिलकर उनके पति का अपहरण किया और हत्या करवा दी। उन्होंने पुलिस से आरोपियों से सख्ती से पूछताछ कर प्रेम भगत को जल्द बरामद करने और सच्चाई सामने लाने की मांग की है।
इस संबंध में वाल्मीकिनगर थानाध्यक्ष मुकेश चंद्र कुमार ने बताया कि पीड़िता के आवेदन के आलोक में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। लापता व्यक्ति की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर छापेमारी की जा रही है और जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, उनसे पूछताछ जारी है।
थानाध्यक्ष ने कहा कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस इस रहस्यमय घटना की गुत्थी सुलझाने में जुटी हुई है। वहीं घटना के बाद पीड़ित परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में भय व चिंता का माहौल बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!