विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
नौतन (बगहा) 23 जनवरी 2026 को सुबह करीब 9:30 बजे नौतन थानाध्यक्ष को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगलपुर में अवैध मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त की जा रही है। सूचना से वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराते हुए नौतन थाना पुलिस एवं STF की टीम ने त्वरित संयुक्त कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम मंगलपुर के बनकट ब्रह्म स्थान के समीप पहुँची, जहाँ एक ई-रिक्शा पर सवार तीन व्यक्ति तथा एक अन्य व्यक्ति खड़ा होकर आपस में बातचीत कर रहे थे। पुलिस को देखते ही सभी लोग भागने का प्रयास करने लगे, जिन्हें बल के सहयोग से पकड़ लिया गया।

पकड़े गए सभी अभियुक्तों एवं ई-रिक्शा की तलाशी लेने पर ई-रिक्शा में छिपाकर रखा गया गांजा जैसा मादक पदार्थ बरामद किया गया। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि ई-रिक्शा पर सवार तीन तस्कर गांजा को रामनगर (बगहा) से गोपालगंज के तस्कर शंभू चौधरी को डिलीवरी देने जा रहे थे। इसी उद्देश्य से शंभू चौधरी को मंगलपुर बुलाया गया था।
नौतन थाना द्वारा ई-रिक्शा एवं मादक पदार्थ को जब्त करते हुए सभी चारों तस्करों को गिरफ्तार कर अग्रतर विधिक कार्रवाई की जा रही है।






