अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण।
मझौलिया शुगर इंडस्ट्रीज परिसर में मुख्यमंत्री गन्ना विकास योजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं को लेकर गन्ना मंत्री संजय कुमार ने गन्ना किसानों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों को सर्वोपरि मानते हुए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि सरकार बुवाई से लेकर कटाई और गन्ना भुगतान तक हर स्तर पर किसानों को लाभ पहुंचा रही है, ताकि गन्ना खेती अधिक लाभकारी बन सके।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में गन्ना किसान उपस्थित रहे। किसानों ने गन्ना भुगतान में होने वाली देरी, उन्नत बीज की उपलब्धता, उर्वरक की समय पर आपूर्ति, सिंचाई व्यवस्था, कीट-रोग नियंत्रण, तकनीकी मार्गदर्शन तथा मिल प्रबंधन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखा। किसानों ने कहा कि समय पर भुगतान और बेहतर सुविधाएं मिलने से उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और उत्पादन में भी वृद्धि होगी। गन्ना मंत्री संजय कुमार ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद गन्ना विभाग एवं शुगर मिल के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों से जुड़ी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री गन्ना विकास योजना के अंतर्गत संचालित सभी योजनाओं का लाभ वास्तविक किसानों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। मंत्री ने यह भी आश्वासन दिया कि गन्ना भुगतान की प्रक्रिया को और अधिक सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाया जाएगा, ताकि किसानों को समय पर उनका हक मिल सके। कार्यक्रम के अंत में किसानों ने सरकार द्वारा सीधे संवाद का अवसर मिलने पर संतोष व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान होगा।
मौके पर यूनिट हेड उदयवीर सिंह ,ईख पदाधिकारी श्रीराम सिंह ,सहायक इकायुक्त रेमन्त झा, संयुक्त इकायुक्त जेपीएन सिंह, महाप्रबंधक गन्ना एस .के त्रिपाठी , रामाकांत मिश्र, अखिलेश सिंह सहित सैकड़ो की संख्या में किसान मौजूद थे।






