Wednesday, February 11, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास बेलवानिया पुल निर्माण का मुद्दा दिशा बैठक में गूंजा, बगहा विधायक राम...

बेलवानिया पुल निर्माण का मुद्दा दिशा बैठक में गूंजा, बगहा विधायक राम सिंह बोले—केंद्र तक पहुंचाएंगे आवाज

0
15

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार


बगहा–बेलवानिया पुल निर्माण को लेकर लंबे समय से चली आ रही मांग एक बार फिर जोरदार तरीके से सामने आई। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में बगहा भाजपा विधायक राम सिंह ने इस ज्वलंत जनसमस्या को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि बेलवानिया पुल क्षेत्र की जीवनरेखा है और इसके अभाव में हजारों लोगों को रोजमर्रा के आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
विधायक राम सिंह ने बैठक के दौरान स्पष्ट शब्दों में कहा कि बगहा और आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोगों के लिए बेलवानिया पुल केवल एक निर्माण कार्य नहीं, बल्कि विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार से जुड़ा अहम सवाल है। पुल नहीं होने के कारण लोगों को लंबा और जोखिम भरा रास्ता तय करना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी होती है।
उन्होंने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर उनकी बातचीत केंद्रीय राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे एवं केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से पहले ही हो चुकी है। दोनों मंत्रियों के समक्ष पुल निर्माण की आवश्यकता और क्षेत्र की वास्तविक स्थिति को विस्तार से रखा गया है। विधायक ने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार इस मामले में शीघ्र सकारात्मक पहल करेगी।
राम सिंह ने यह भी कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो बेलवानिया पुल निर्माण के मुद्दे को विधानसभा से लेकर संसद तक मजबूती के साथ उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा और हर स्तर पर संघर्ष जारी रहेगा, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द राहत मिल सके।
बैठक में विधायक ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से रतवल चौड़ीकरण रोड के कार्य को भी शीघ्र शुरू कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी और विकास को नई गति मिलेगी।
दिशा की बैठक में उठे इस मुद्दे के बाद एक बार फिर क्षेत्र के लोगों में उम्मीद जगी है कि बेलवानिया पुल निर्माण का सपना जल्द साकार होगा और बगहा क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से मजबूती से जुड़ेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!