विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर बेतिया में परिवहन विभाग द्वारा एक सराहनीय और मानवीय पहल देखने को मिली। इस दौरान बेतिया के मोटरयान निरीक्षक विनोद सिंह के नेतृत्व में सड़क पर चल रहे वाहन चालकों को “रोको-टोको” अभियान के तहत रोका गया और उन्हें गुलाब का फूल भेंट कर यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। अभियान में अवर परिवहन निरीक्षक गंगेश गुंजन, सत्येंद्र कुमार रजक, निशा एवं जयमाला सक्रिय रूप से शामिल रहीं।

बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे चालकों को मुफ्त हेलमेट का वितरण कर सुरक्षा का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की कि वे हमेशा हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग करें, गति सीमा का पालन करें तथा यातायात नियमों का सम्मान करें। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कानून नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का संकल्प है।
इस सकारात्मक पहल से आम लोगों में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ी और अभियान की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।






