नन्दलाल पटेल बाल्मीकि नगर पश्चिम चंपारण
वाल्मीकि नगर थाना क्षेत्र में चार दिन से लापता व्यक्ति का अब तक कोई सुराग नहीं मिलने से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने थाना पहुंचकर प्रदर्शन किया। लोगों ने पुलिस से शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए मामले से नदी जुड़े होने के कारण SDRF से खोजबीन कराने की भी मांग उठाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी कुमार देवेंद्र स्वयं वाल्मीकिनगर थाना पहुंचे और पीड़ित पक्ष व स्थानीय लोगों से मुलाकात कर पूरी जानकारी ली। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मामले में हर पहलू से जांच कर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
बताया गया कि चार दिन पूर्व नवका टोला निवासी बसंती देवी ने अपने पति के गुमशुदा होने को लेकर थाने में सनहा दर्ज कराया था। आवेदन में उन्होंने बताया कि उनके पति मवेशियों की खरीद-बिक्री का काम करते हैं। मवेशी खरीदकर जब वे चुलभट्टा जंगल के रास्ते जा रहे थे, तभी वनकर्मियों की टॉर्च और रुकने की आवाज सुनकर उनके साथ मौजूद लोग भाग निकले।

इस दौरान बुधई मियां, दिलीप धांगर और सोहन कुशवाहा तो घर लौट आए, लेकिन बसंती देवी के पति घर नहीं पहुंचे। चार दिन बीत जाने के बाद भी कोई जानकारी न मिलने से परिवार चिंतित है।
डीएसपी कुमार देवेंद्र, थानाध्यक्ष मुकेश चंद्र कुमार, एसएसबी इंस्पेक्टर लोकेश बनिया और रेंजर अमित कुमार के बीच विचार-विमर्श के बाद निर्णय लिया गया कि नेपाल सीमा क्षेत्र में नेपाल एपीएफ, जबकि भारत सीमा में बिहार पुलिस, एसएसबी और वन विभाग संयुक्त रूप से खोज अभियान चलाएंगे। पुलिस के अनुसार आशंका जताई जा रही है कि गुमशुदा व्यक्ति या तो नेपाल में बंधक बना लिया गया हो सकता है, या फिर गंडक नदी की धारा में किसी हादसे का शिकार हो गया हो।






