अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण ।
मझौलिया प्रखंड अंतर्गत माधोपुर निवासी युवा समाजसेवी प्रभात कुमार ने मझौलिया थाना के नवागंतुक थानाध्यक्ष अमर कुमार को सम्मानित कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर प्रभात कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा अंगवस्त्र देकर थानाध्यक्ष का अभिनंदन किया और उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में प्रभात कुमार ने कहा कि मझौलिया थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना, आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना और पुलिस-जनता के बीच विश्वास कायम करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि थानाध्यक्ष अमर कुमार अपने अनुभव और कार्यकुशलता के बल पर क्षेत्र में शांति, सौहार्द और सुरक्षा का वातावरण स्थापित करेंगे। उन्होंने कहा कि अपराध, शराब तस्करी, असामाजिक तत्वों और अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई से ही समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस यदि संवेदनशीलता के साथ फरियादियों की समस्याओं को सुने और त्वरित कार्रवाई करे तो जनता का भरोसा और मजबूत होगा। प्रभात कुमार ने युवाओं से कानून का पालन करने, सामाजिक सौहार्द बनाए रखने और पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाजसेवियों और प्रशासन के बीच समन्वय से ही क्षेत्र का समुचित विकास और शांति संभव है।






