विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
आगामी सरस्वती पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर आज बगहा थाना परिसर में शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना अध्यक्ष शैलेश कुमार ने की, जबकि बैठक में बगहा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) कुमार देवेंद्र विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में बगहा-1 प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रदीप गुप्ता, नगर परिषद बगहा के चेयरमैन प्रतिनिधि पप्पू गुप्ता समेत शहर के गणमान्य नागरिक, पूजा समिति प्रतिनिधि एवं विभिन्न विद्यालयों के व्यवस्थापक शामिल हुए।
बैठक में एसडीपीओ कुमार देवेंद्र ने साफ शब्दों में निर्देश देते हुए कहा कि सरस्वती पूजा के दौरान किसी भी स्थिति में डीजे नहीं बजेगा, न ही जुलूस निकाला जाएगा और चंदा सड़क पर नहीं काटा जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
थाना अध्यक्ष शैलेश कुमार ने बताया कि पूजा के दौरान पूरे क्षेत्र में पुलिस गश्ती लगातार जारी रहेगी। किसी भी प्रकार की असुविधा या आपात स्थिति में पूजा समिति के सदस्य सीधे थाना से संपर्क कर सकते हैं। पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।
बैठक में दया शंकर सिंह, मनोज सिंह, राकेश सिंह, मुन्ना सिंह, दीपक राही, जुगनू आलम, मोहम्मद राशिद, अशोक गुप्ता, मोबीन अंसारी, राजेश्वर सिंह सहित शांति निकेतन, कोचीन, चंपारण चेप्तर स्कूल एवं एकलव्य स्कूल के व्यवस्थापक उपस्थित रहे।
सभी उपस्थित सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया और शांतिपूर्ण तरीके से सरस्वती पूजा मनाने की प्रतिबद्धता जताई।






