बाल्मीकि नगर से नन्दलाल पटेल की रिपोर्ट
भारी पुलिस व्यवस्था और प्रशासनिक इंतज़ामों के बावजूद त्रिवेणी संगम में उमड़े श्रद्धालुओं के भारी जनसैलाब ने यातायात व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया। संगम को जोड़ने वाले कई सहायक मार्गों पर घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
वाल्मीकि सभागार मार्ग, थाना रोड, गंडक बराज मार्ग, गोल चौक, तीन आरडी तथा टंकी बाजार की मुख्य सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। सबसे गंभीर स्थिति तीन आरडी पुल पर रही। उल्लेखनीय है कि तीन आरडी एक सिंगल पुल है, जिसकी चौड़ाई महज लगभग 12 फीट है, जबकि इसी पुल से होकर एक साथ छह अलग-अलग मार्गों की आवाजाही होती है। सीमित चौड़ाई और अत्यधिक दबाव के कारण यहां बार-बार जाम की स्थिति उत्पन्न होती रही।

श्रद्धालुओं की अप्रत्याशित भीड़ को देखते हुए प्रशासन द्वारा यातायात सुचारु रखने के लिए कई वैकल्पिक योजनाएं और रणनीतियां लागू की गईं, लेकिन जनसैलाब के सामने सभी प्रयास नाकाफी साबित हुए। स्थिति को नियंत्रित करने में पुलिस प्रशासन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
हालांकि, राहत की बात यह रही कि भारी भीड़ और जाम के बावजूद पुलिस की सतर्कता और लगातार प्रयासों से कोई भी बड़ा हादसा नहीं हुआ। प्रशासनिक अमला देर रात तक यातायात व्यवस्था बहाल करने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने में जुटा रहा।






