अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण, बिहार
मझौलिया। शीतलहर और कड़ाके की ठंड से बेहाल गरीबों व असहायों के लिए सरिसवा गांव में सेवा और संवेदना का एक सराहनीय दृश्य देखने को मिला। प्रखंड अंतर्गत सरिसवा में पूर्व जिला पार्षद जरीना अब्दुल्ला के दरवाजे पर बिहार रफ्ता कमिटी, रेड क्रॉस सोसाइटी एवं ऑल इंडिया तंजीमें के संयुक्त सौजन्य से कंबल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सैकड़ों जरूरतमंद लोगों के बीच कंबलों का वितरण कर उन्हें ठंड से राहत पहुंचाने का प्रयास किया गया।कार्यक्रम के दौरान पूर्व जिला पार्षद जरीन अब्दुल्ला ने कहा कि समाज के कमजोर तबके की सेवा करना ही सच्ची मानवता है। ठंड के इस कठिन समय में यदि हम एक-दूसरे के काम आ सकें, तो इससे बड़ा पुण्य कोई नहीं। उन्होंने सहयोगी संस्थाओं का आभार प्रकट करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास आगे भी जारी रहेंगे।

कंबल पाकर गरीब, बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे काफी प्रसन्न नजर आए। कई लाभार्थियों ने कहा कि कड़ाके की ठंड में यह कंबल उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है। कार्यक्रम स्थल पर सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटने लगी थी, जिसे व्यवस्थित तरीके से कतारबद्ध कर कंबल वितरण किया गया।इस अवसर पर अब्दुल सत्तार, शिक्षक सिराजुल, कृष्णकांत शुक्ला, अफरोज आलम, सलोनी कुमारी, संजय कुमार सोनी, वार्ड सदस्य शकील, अब्दुल रशीद, मोहन यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।स्थानीय लोगों ने भी इस पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक कार्यों से न केवल जरूरतमंदों को राहत मिलती है, बल्कि समाज में आपसी भाईचारे और सहयोग की भावना भी मजबूत होती है। ठंड के इस मौसम में सरिसवा में किया गया यह कंबल वितरण कार्यक्रम मानव सेवा की एक अनुकरणीय मिसाल बनकर सामने आया।






