Wednesday, February 11, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास एसएसबी 65 वाहिनी द्वारा एक माह का ब्यूटीशियन प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न

एसएसबी 65 वाहिनी द्वारा एक माह का ब्यूटीशियन प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न

0
45

विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार


बेतिया, 65 वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), बेतिया द्वारा नागरिक कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत सीमावर्ती ग्रामीण महिलाओं के लिए आयोजित एक माह का ब्यूटीशियन प्रशिक्षण कार्यक्रम मंगलवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 15 दिसंबर 2025 से 13 जनवरी 2026 तक ग्राम गोवर्धना के सामुदायिक भवन परिसर में आयोजित किया गया, जिसमें ग्राम गोवर्धना, मंचंगवा एवं घोड़ाघाट से चयनित 25 महिलाओं ने भाग लिया।
यह प्रशिक्षण थारू कला एवं संस्कृति प्रशिक्षण संस्थान, हरनाटांड द्वारा प्रदान किया गया। कार्यक्रम का आयोजन 65 वाहिनी के कमांडेंट श्री नंदन सिंह मेहरा के मार्गदर्शन में किया गया, जिसका उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्र की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना था।


समापन समारोह के अवसर पर वाहिनी के उप कमांडेंट श्री नीलकांत ने उपस्थित अतिथियों एवं प्रशिक्षुओं का स्वागत करते हुए प्रशिक्षण के अनुभवों पर प्रशिक्षुओं से प्रतिक्रिया ली। प्रशिक्षुओं ने प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त कौशल को अपने लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए सशस्त्र सीमा बल एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर उप कमांडेंट श्री नीलकांत ने कहा कि सशस्त्र सीमा बल सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा के साथ-साथ विकास एवं जनकल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम महिलाओं को स्वावलंबी बनाकर उनके उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त करते हैं।
थारू कला एवं संस्कृति प्रशिक्षण संस्थान के प्रतिनिधि श्री शुभम नीरज ने प्रशिक्षित महिलाओं की मेहनत एवं लगन की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी आत्मविकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित किया। वहीं, मंचंगवा पंचायत के मुखिया श्री रमेश चौधरी ने सशस्त्र सीमा बल की इस पहल की प्रशंसा करते हुए महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनने का आह्वान किया। उन्होंने एसएसबी द्वारा समय-समय पर आयोजित निःशुल्क चिकित्सा शिविर, पशु चिकित्सा शिविर, नशामुक्त भारत अभियान, बेटी-बचाओ बेटी-पढ़ाओ, वृक्षारोपण एवं स्वच्छता अभियानों की भी सराहना की।


इसी क्रम में ग्राम गोवर्धना में निःशुल्क मानव एवं पशु चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया गया, जहाँ चिकित्सकों द्वारा स्थानीय नागरिकों एवं पशुपालकों की स्वास्थ्य जांच कर निःशुल्क दवाओं का वितरण किया गया।
कार्यक्रम में उप कमांडेंट श्री नीलकांत, सहायक कमांडेंट श्री रुपिन यादव, थारू कला एवं संस्कृति संस्थान के श्री शुभम नीरज, पंचायत प्रतिनिधि, चिकित्सा अधिकारी, पशु चिकित्सा अधिकारी, स्थानीय ग्रामीण तथा 65 वाहिनी एसएसबी के बलकर्मी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!