अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण
मझौलिया (प. चंपारण)। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डुमरी में संस्कृत शिक्षक कौशिक मंडल के स्थानांतरण पर भावुक विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के दौरान विद्यालय परिसर भावनाओं से भर उठा। छात्र-छात्राओं के साथ-साथ शिक्षक व अभिभावक भी अपने प्रिय शिक्षक को विदा करते समय भावुक हो गए और कई की आंखें नम दिखीं।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक इंद्रजीत यादव ने बताया कि स्थानांतरित शिक्षक कौशिक मंडल मूल रूप से पश्चिम बंगाल के निवासी हैं और पिछले दो वर्षों से इस विद्यालय में सेवाएं दे रहे थे। संस्कृत विषय के शिक्षक के रूप में उन्होंने न केवल पाठ्यक्रम को सरल, रोचक और प्रभावी ढंग से पढ़ाया, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान दिया। उन्होंने छात्रों में अनुशासन, नैतिक मूल्यों और व्यक्तित्व निर्माण की भावना को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्रधानाध्यापक ने कहा कि श्री मंडल की शिक्षण शैली, विषय पर गहरी पकड़ और स्नेहपूर्ण व्यवहार के कारण वे विद्यार्थियों के बीच अत्यंत लोकप्रिय रहे। उनकी कमी विद्यालय परिवार को लंबे समय तक खलेगी।
अपने विदाई संबोधन में शिक्षक कौशिक मंडल ने कहा कि डुमरी विद्यालय और यहां के छात्र-छात्राएं हमेशा उनके दिल में विशेष स्थान रखेंगे। यहां बिताया गया समय उनके जीवन की अमूल्य स्मृतियों में शामिल रहेगा। उन्होंने विद्यालय परिवार के सहयोग और स्नेह के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।
समारोह का समापन शुभकामनाओं, स्मृति-चिह्न भेंट और भावभीनी विदाई के साथ हुआ। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक इंद्रजीत यादव के अलावा शिक्षा प्रेमी सह सत्संगी किशन कुमार पांडे, अर्जुन कुमार चौरसिया, विद्यालय के सभी शिक्षक, छात्र-छात्राएं तथा अभिभावक उपस्थित रहे।






