Wednesday, February 11, 2026
No menu items!
Google search engine
Home आस पास हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से बिजली मिस्त्री की मौत

हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से बिजली मिस्त्री की मौत

0
50

भोरे/गोपालगंज से पंकज सिंह की रिपोर्ट

स्थानीय थाना क्षेत्र के अमवा गांव में सोमवार की सुबह बिजली मरम्मत कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. यहाँ हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से एक अनुभवी बिजली मिस्त्री की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान भोरे थाना क्षेत्र के धर्मपुरा बड़हरा गांव निवासी बिचारी मिश्रा के पुत्र पोमा पंडित उर्फ धनंजय मिश्र के रूप में की गई है.

कैसे हुआ हादसा.

मिली जानकारी के अनुसार, विजयीपुर प्रशाखा के मुसहरी फीडर अंतर्गत अमवा गांव में 63 केवी का एक ट्रांसफार्मर खराब था. सुबह से ही बिजली विभाग की टीम मेंटेनेंस कार्य में जुटी थी. टीम में भोरे प्रशाखा में कार्यरत अरविंद कुमार और दो अन्य लाइनमैनों के साथ धनंजय मिश्र भी शामिल थे. बताया जा रहा है कि काम शुरू करने से पहले धनंजय ने खुद ही 11 हजार पावर सप्लाई के दो फेज काटे थे, लेकिन तीसरा फेज काटना छूट गया था. लाइनमैन इसी भरोसे में काम कर रहे थे कि बिजली पूरी तरह कटी हुई है. इसी बीच जैसे ही धनंजय ट्रांसफार्मर पर चढ़े, वह चालू फेज की चपेट में आ गए और जोरदार झटके के साथ नीचे गिर पड़े.

अस्पताल ले जाते तोड़ा दम..

​घटना के तुरंत बाद अफरा-तफरी मच गई. साथी कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल भोरे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. हालांकि, स्थिति गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें देखते ही मृत घोषित कर दिया.वही परिजनों के मुताबिक धनंजय पिछले 10 सालों से बिजली विभाग में मानव बल के रूप में कार्य कर रहे थे और काफी अनुभवी थे. एक छोटी सी चूक ने उनकी जान ले ली.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल…

​हादसे की खबर मिलते ही मृतक के घर धर्मपुरा बड़हरा में चीख-पुकार मच गई है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना की सूचना मिलने पर भोरे पुलिस ने अस्पताल पहुँचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है कि आखिर शटडाउन लेने में चूक कैसे हुई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

error: Content is protected !!