छठ घाट व चारदीवारी निर्माण से ग्रामीणों में हर्ष।
निर्माण कार्य में गुणवत्ता का रखा जा रहा है पूरा ख्याल।
अनिल कुमार शर्मा मझौलिया पश्चिम चंपारण।
मझौलिया प्रखंड क्षेत्र के राजाभार पंचायत में विकास कार्यों की रफ्तार तेज होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 4 कचहरी टोला में छठ व्रतियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भव्य छठ घाट का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। यह महत्वपूर्ण कार्य पंचायत की मुखिया शारदा देवी पति नारद सिंह के नेतृत्व में 15वीं वित्त आयोग की लगभग 8 लाख 32 हजार रुपये की लागत से किया जा रहा है। छठ घाट के निर्माण से वर्षों से असुविधाओं के बीच पूजा-अर्चना करने वाले ग्रामीणों को अब बेहतर सुविधा और सुरक्षा मिल सकेगी।
पंचायत की मुखिया शारदा देवी के पति नारद सिंह ने बताया कि कचहरी टोला सहित आसपास के चार टोले के ग्रामीण प्रत्येक वर्ष इसी स्थान पर छठ पूजा करते आ रहे हैं। घाट के अभाव में छठ व्रतियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब पक्के घाट के निर्माण से न केवल पूजा सुचारू रूप से संपन्न होगी, बल्कि महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को भी विशेष सहूलियत मिलेगी। उन्होंने कहा कि पंचायत का उद्देश्य है कि धार्मिक स्थलों के साथ-साथ बुनियादी सुविधाओं का भी विकास हो।पंचायत सचिव गौतम कुमार एवं कनीय अभियंता अमन पाल ने संयुक्त रूप से बताया कि छठ घाट निर्माण में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। निर्माण कार्य सरकारी मानकों के अनुरूप किया जा रहा है और सामग्री की गुणवत्ता की नियमित जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि कार्य की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसी प्रकार की लापरवाही न हो और घाट लंबे समय तक उपयोग में आ सके। इसी क्रम में पंचायत के वार्ड संख्या 2 स्थित दलित बस्ती के समीप षष्ठम वित्त आयोग की 3 लाख 59 हजार रुपये की राशि से गुणवत्तापूर्ण चारदीवारी का निर्माण भी कराया जा रहा है। चारदीवारी बनने से सार्वजनिक स्थल की सुरक्षा सुनिश्चित होगी तथा आसपास के क्षेत्र को संरक्षित किया जा सकेगा। इस निर्माण कार्य से स्थानीय ग्रामीणों को काफी राहत मिलेगी और सामाजिक सुरक्षा की भावना भी मजबूत होगी। निर्माण कार्य में लगे मजदूरों एवं ग्रामीणों अजय सहनी, हरिंदर पासवान, विश्वनाथ पासवान, अभिराम सहनी, बालदेव सहनी, कर्पूरी ठाकुर, बागड़ पासवान, परमा हजरा, राजू सहनी, साधु सहनी, छठु, तेजा सहनी, सुदामा सहनी, राजेश पासवान, जिउ लाल पासवान, शिव शंकर सहनी, मुन्ना सिंह, अनिल सिंह, संजय सिंह, मनोज पासवान सहित अन्य ग्रामीणों ने इन विकास कार्यों की सराहना करते हुए मुखिया को साधुवाद दिया।
वहीं छठ व्रतियों फुलझारो देवी, शांति देवी, कलावती देवी, अनिता देवी, मंजू देवी एवं फूलमती देवी ने छठ घाट निर्माण के लिए मुखिया को बधाई देते हुए शुभकामनाएं दीं है।






