विजय कुमार शर्मा बगहा पश्चिम चंपारण, बिहार
मझौलिया। शुगर इंडस्ट्रीज मझौलिया के इतिहास में 08 जनवरी 2026 का दिन स्वर्णाक्षरों में दर्ज हो गया। गुरुवार को चालू पेराई सत्र के दौरान मिल ने एक ही दिन में 65 हजार 100 क्विंटल गन्ने की पेराई कर अब तक के सभी पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। यह आंकड़ा चीनी मिल की स्थापना से अब तक की सर्वाधिक एकदिवसीय पेराई माना जा रहा है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर शुगर इंडस्ट्रीज के इकाई प्रमुख उदयवीर सिंह ने सभी गन्ना किसानों और चीनी मिल के कर्मियों को बधाई व साधुवाद दिया। उन्होंने इस सफलता को टीम वर्क और समर्पित प्रयासों का परिणाम बताया।
उल्लेखनीय है कि उदयवीर सिंह के पदस्थापन के बाद मझौलिया शुगर इंडस्ट्रीज ने समयपालन, सुरक्षा व्यवस्था, क्रशिंग क्षमता, गुणवत्ता एवं रिकवरी के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हासिल की है। साथ ही किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए गन्ना आपूर्ति के 14 दिनों के भीतर भुगतान सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजा जा रहा है, जिससे किसानों में विश्वास और संतोष बढ़ा है।
रिकॉर्ड पेराई की इस उपलब्धि से किसानों एवं चीनी मिलकर्मियों में हर्ष का माहौल है और मझौलिया शुगर मिल क्षेत्र में एक बार फिर अपनी कार्यकुशलता का परचम लहरा रही है।






